भीलवाड़ा। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही भीलवाड़ा जिले में नगर निगम भीलवाड़ा सहित 11 नगरीय निकायों में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जिले में चुनाव दो चरणों में होंगे। प्रथम चरण में नगर निगम भीलवाड़ा और नगर पालिका बीगोद में मतदान होगा, जबकि द्वितीय चरण में आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़ और बिजौलिया नगर निकाय शामिल हैं।
27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू
सदस्य पदों के लिए 27 अगस्त 2026 को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक रहेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा।
प्रथम चरण के लिए 9 सितंबर और द्वितीय चरण के लिए 11 सितंबर 2026 को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी चरणों की मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी।
21 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए मतदान
नगर निकायों के अध्यक्ष पद के लिए 15 सितंबर को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 16 सितंबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर और अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक रहेगी। इसी दिन अभ्यर्थिता वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव
उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 22 सितंबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11.30 बजे से होगी और अभ्यर्थिता वापसी का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। आवश्यकता होने पर दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद तत्काल मतगणना होगी।
जिले के 11 नगरीय निकायों में चुनाव
भीलवाड़ा जिले में प्रथम चरण में नगर निगम भीलवाड़ा और नगर पालिका बीगोद में चुनाव होंगे। द्वितीय चरण में नगर पालिका आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़ और बिजौलिया में चुनाव कराए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजनीतिक दलों, चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों और आमजन से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई है।
