जन्माष्टमी पर संकटमोचन हनुमान मंदिर में सजेगी भव्य झांकियां, दिखेगी महाभारत की झलक

खबर को शेयर करे :-

25 से अधिक विद्युतचलित झांकियां रहेंगी आकर्षण का केन्द्र, हनुमानजी महाराज को चढ़ेगा डायमंड चोला

भीलवाड़ा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी को लेकर धर्मनगरी भीलवाड़ा में तैयारियां शुरू हो गई हैं। 4 सितंबर को मुख्य डाकघर के पास स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज के सान्निध्य में होने वाले आयोजन में 25 से अधिक विद्युतचलित झांकियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।

इस बार झांकियों में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों के साथ महाभारत के विभिन्न प्रसंगों की झलक भी देखने को मिलेगी। कारागृह में श्रीकृष्ण जन्म, गोकुल की बाल लीलाएं, कंस वध, पूतना वध और कृष्ण-सुदामा मिलन सहित कई प्रसंगों को झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। कुछ झांकियां हवा में उड़ती हुई दिखाई देंगी, जबकि छोटा योगी की जीवंत झांकी भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित करेगी। आगरा, दिल्ली और मथुरा से आने वाले 20 से अधिक कलाकार इन झांकियों को तैयार करेंगे।

संकटमोचन हनुमान मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी सांवरमल बंसल, महावीर अग्रवाल एवं रमेशचंद बंसल ने बताया कि जन्माष्टमी पर मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। हनुमानजी महाराज को डायमंड चोला भी चढ़ाया जाएगा। गोलप्याऊ चौराहे से नगर निगम चौराहे तक आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी।

शाम 5 बजे से श्रद्धालुओं के लिए झांकियों के दर्शन शुरू होंगे। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जयकारों के बीच मनाया जाएगा। इस दौरान लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कर पंजीरी एवं माखन-मिश्री का भोग लगाया जाएगा। आयोजन में केक भी काटा जाएगा।

महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर को फूलों से सजाने के साथ पूरे मार्ग को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। आयोजन में समाज के सभी वर्गों एवं भक्तजनों का सहयोग मिल रहा है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से भीलवाड़ा में जन्माष्टमी के अवसर पर संकटमोचन हनुमान मंदिर में होने वाला कृष्ण जन्मोत्सव प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। हर वर्ष यहां दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

खबर को शेयर करे :-