भीलवाड़ा। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर पथिक नगर क्षेत्र में राज योगा एंड वैलनेस सेंटर का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश आगाल रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. लोकेश शर्मा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य रेखा आगाल रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सेंटर का संचालन पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मुख्य योग शिक्षक एवं भारत स्वाभिमान न्यास के भीलवाड़ा जिला प्रभारी प्रेम शंकर जोशी के निर्देशन में किया जाएगा।
मुख्य अतिथि डॉ. ओमप्रकाश आगाल ने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में खेल और नियमित योग-प्राणायाम ही जीवनभर निरोगी और स्वस्थ रहने का मूल मंत्र हैं। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल, दौड़ या योग-प्राणायाम के लिए निकालने का आह्वान किया। अध्यक्षता कर रहे डॉ. लोकेश शर्मा ने विभिन्न जटिल रोगों में उपयोगी योगासनों एवं प्राणायाम की वैज्ञानिक महत्ता बताते हुए खान-पान और दिनचर्या को लेकर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। इस अवसर पर सुनीता शर्मा, अर्चना थोराट, कविता जैन, खुशबू जोशी, अनाहिता व्यास, पायल जांगिड़, पुष्प लता जोशी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
