खाद्य विभाग की कार्रवाई से कारोबारियों में खलबली, दो कोल्ड स्टोरेज पर छापेमारी, 1500 किलो सामग्री मौके पर करवाई नष्ट

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। दीपावली के त्योहार पर बाजार में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। चित्तौड़ रोड स्थित दो कोल्ड स्टोरेज पर अचानक छापेमारी कर विभागीय टीम ने कुल 1500 किलोग्राम खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई। इसमें 1000 किलो गुड़ और 500 किलो साबुत लाल मिर्च शामिल है। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्वरूपगंज, चित्तौड़ रोड स्थित संगम कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान 1000 किलोग्राम गुड़ मौके पर ही नष्ट करवाया गया। साथ ही साबुत धनिया, चना और गुड़ के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

इसके बाद टीम ने शिव सुदर्शन कोल्ड स्टोरेज पर भी कार्रवाई की। यहां से 500 किलोग्राम साबुत लाल मिर्च नष्ट करवाई गई तथा किशमिश का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।

1500 किलो खाद्य सामग्री नष्ट, अब जांच रिपोर्ट का इंतजार

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दोनों कोल्ड स्टोरेज से की गई कार्रवाई में कुल 1500 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई। वहीं, धनिया, चना, गुड़ और किशमिश सहित खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिलावट की सूचना पर यहां करें शिकायत

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि दीपावली के दौरान आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए जिलेभर में निरीक्षण और नमूनीकरण अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

खाद्य पदार्थों में मिलावट या संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिलने पर आमजन जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। शिकायत मिलने पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान डॉ. दिलराज मीणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, साक्षी जैन, विजय मेहता, शाहरुख हुसैन सहित अन्य जांच अधिकारी मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड