कोटड़ी में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टैंपो से 63.960 किलो डोडा-चूरा बरामद

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। कोटड़ी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक लोडिंग टैंपो से 63 किलो 960 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया। पुलिस को देखकर चालक टैंपो छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मादक पदार्थ, टैंपो और एक मोबाइल फोन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

कोटड़ी थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार एसपी सागर राणा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस टीम ने कोटड़ी के आउटर क्षेत्र में भीलों का झोंपड़ा जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर रखी थी।

इसी दौरान उदयपुर नंबर का एक संदिग्ध लोडिंग टैंपो आता दिखाई दिया। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक कुछ दूरी पर भीलों के झोंपड़े के पास टैंपो बीच रास्ते में छोड़कर झाड़ियों और गलियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

पुलिस ने टैंपो की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक के तीन कट्टों में 63 किलो 960 ग्राम डोडा-चूरा भरा मिला। पुलिस ने डोडा-चूरा, लोडिंग टैंपो और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया।

फरार चालक की पहचान और तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह राठौड़, एएसआई गोपाल लाल, कांस्टेबल मोती जाखड़, हेमराज चौधरी और मुकेश जांगिड़ शामिल रहे।

खबर को शेयर करे :-