राजूलाल कहार को मिले 14 मत, 7 वोट के अंतर से जीत; निर्वाचन अधिकारी ने किया निर्वाचित घोषित
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा नगर पालिका में अध्यक्ष के बाद अब उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी संपन्न हो गया। मंगलवार को हुए उपाध्यक्ष पद के चुनाव में मोहम्मद इशाक ने 21 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी राजूलाल कहार को 14 मत मिले। इस तरह इशाक ने 7 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
नगर पालिका आम चुनाव के तहत उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। मतदान के बाद हुई मतगणना में मोहम्मद इशाक के पक्ष में 21 मत आए, जबकि राजूलाल कहार को 14 मत मिले। परिणाम सामने आते ही इशाक के समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया।
रिटर्निंग अधिकारी बनवारी लाल सिनसिनवार ने मोहम्मद इशाक को उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया। इसके बाद समर्थकों ने उनका स्वागत किया और जीत की खुशी जताई।
इससे पहले अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के रमेश सेन निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष चुनाव में रमेश सेन ने 18 मत हासिल कर निर्दलीय बालमुकुंद तोषनीवाल को एक मत से हराया था। अब उपाध्यक्ष पद पर मोहम्मद इशाक को 21 मत मिलने के बाद नगर पालिका के बोर्ड के भीतर मतदान के समीकरणों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इशाक की जीत के बाद समर्थकों ने पालिका में शहर के विकास को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद जताई। अध्यक्ष रमेश सेन भी चुनाव के बाद विकास कार्यों को गति देने की बात कह चुके हैं।
