प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के शिविरों में एएनसी जांच के साथ विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की सुविधा
भीलवाड़ा। गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलेभर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे शिविरों में 610 गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच की गई। इस दौरान निजी अस्पतालों के महिला रोग विशेषज्ञों ने भी अपनी सेवाएं दीं।
शिविरों में गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी (प्रसवपूर्व जांच) के साथ हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, यूरिन और एल्बूमिन जैसी आवश्यक जांचें की गईं। जांच के दौरान जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान कर संबंधित महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान करना है। जांच के दौरान हाई रिस्क श्रेणी में आने वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उन्हें आगे के उपचार और विशेषज्ञ परामर्श के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के साथ निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों का सहयोग गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने निजी चिकित्सकों के योगदान की सराहना की।
पोषण और सुरक्षित प्रसव को लेकर भी दी जानकारी
शिविरों में केवल जांच और उपचार तक ही सेवाएं सीमित नहीं रहीं। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, जरूरी सावधानियों और सुरक्षित प्रसव से जुड़ी जानकारी भी दी।
पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिलाओं को गुड़-चने का वितरण भी किया गया।
इन निजी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी निशुल्क सेवाएं
जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण के अनुसार जिले के विभिन्न शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निजी महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं की जांच और परामर्श किया।
- सांगानेरी गेट: डॉ. देवना राठौड़
- सांगानेर: डॉ. विद्या वर्मा
- चपरासी कॉलोनी: डॉ. विनिता मारू
- बापूनगर: डॉ. अनीता गुप्ता
- शास्त्रीनगर: डॉ. दीपेश कुमारी अग्रवाल
- चन्द्रशेखर आजाद नगर: डॉ. जसमीन सोलंकी
- काशीपुरी: डॉ. नितिका श्रीमाल
- सुभाषनगर: डॉ. आशीष अजमेरा
- पुर: डॉ. विनिता लोढ़ा
अभियान के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलने से गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक परामर्श और जांच की सुविधा मिली।
