भीलवाड़ा। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वंदे मातरम् को लेकर हुए कथित अपमान के विरोध में भीलवाड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सूचना केंद्र चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं के पोस्टरों पर जूतों की माला पहनाई गई, सड़े टमाटर फेंके गए और कालिख पोतकर विरोध जताया गया। प्रदर्शन के दौरान बैनर पर लिखे वंदे मातरम् का गौमूत्र छिड़ककर शुद्धिकरण भी किया गया।
प्रदर्शन चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी और भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल के सान्निध्य, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व तथा पूर्व महापौर राकेश पाठक और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा की उपस्थिति में भाजयुमो द्वारा किया गया।

कांग्रेस से देश से माफी मांगने की मांग
भाजपा जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा वंदे मातरम् के कथित अपमान को लेकर कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से देश से माफी मांगने की मांग की।
सांसद सीपी जोशी ने कहा कि वंदे मातरम् का अपमान देश के संविधान, राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम् का उद्घोष करते हुए अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना बलिदान दिया। ऐसे राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् को राष्ट्रीय गीत का दर्जा प्राप्त है और इससे जुड़ी संवेदनशीलता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति के चलते देशभक्ति से जुड़े प्रतीकों के प्रति शर्मनाक रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
मेवाड़ा बोले—राष्ट्रगीत का अपमान बर्दाश्त नहीं
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि कथित घटनाक्रम से करोड़ों देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेता इस मामले में माफी नहीं मांगते हैं तो जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
गौमूत्र से किया वंदे मातरम् का शुद्धिकरण
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैनर पर लिखे वंदे मातरम् पर गौमूत्र का छिड़काव कर शुद्धिकरण किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं पर राष्ट्रगीत को अपवित्र करने का आरोप लगाते हुए इसे अपने विरोध का प्रतीकात्मक तरीका बताया।
पोस्टरों पर जूतों की माला पहनाकर जताया विरोध
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं के चित्रों वाले पोस्टर पर जूतों की माला पहनाई गई और सड़े टमाटर फेंकने के साथ कालिख पोती गई। प्रदर्शन में महिलाओं और युवाओं ने भी भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीयता और राष्ट्र गौरव से जुड़े प्रतीकों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की कथित आपत्तिजनक हरकत स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता पेंटर सूरज, प्रहलाद त्रिपाठी, अर्पित समदानी, लक्ष्यराज सिंह, मुकेश सोनी, किरन सालवी, दीपक पाराशर, शिवराज गुर्जर, कमलेश आचार्य, चेतन सिंह, शुभम शर्मा, सूरज सिंह, गोपाल तेली, मंजू चेचाणी, सुरेंद्र सिंह मोटरास, ललित अग्रवाल, पंकज मानसिंहका, अंकुर बोरदिया, महावीर समदानी, रागिनी गुप्ता, अभिश्रुता सोलंकी, कुलदीप माथुर, महेंद्र नायक, आकाश मालावत, बाबूलाल आचार्य, घनश्याम सिंगीवाल, मंजू पालीवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
