विश्व वृद्धजन एवं शाकाहार दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित

खबर को शेयर करे :-

राज योगा एंड वैलनेस सेंटर में 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का सम्मान

भीलवाड़ा, 1 अक्टूबर। विजय सिंह पथिक नगर स्थित राज योगा एंड वैलनेस सेंटर में करुणा इंटरनेशनल चेन्नई एवं भारत स्वाभिमान न्यास के तत्वावधान में विश्व वृद्धजन एवं विश्व शाकाहार दिवस के उपलक्ष्य में विचार गोष्ठी एवं वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुर्वेद विभाग के सेवानिवृत्त उपनिदेशक वैद्य दुर्गा प्रसाद शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंडल अजमेर के पूर्व संयुक्त निदेशक डॉ. महावीर कुमार शर्मा ने की।

समारोह के दौरान समाज के वरिष्ठजनों पंडित बालूराम शर्मा एवं वैद्य दुर्गा प्रसाद शर्मा का सम्मान किया गया। दोनों वरिष्ठजनों की आयु 85 वर्ष से अधिक है। आयोजकों ने तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर, उपरणा एवं शाल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। इस दौरान राज योगा सेंटर में उपस्थित साधकों ने वरिष्ठजनों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पतंजलि योगपीठ के मुख्य योग शिक्षक एवं भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी प्रेम शंकर जोशी ने शाकाहार एवं वृद्धजन सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शाकाहार स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए उपयोगी आहार है तथा यह शरीर के साथ विचारों की शुद्धता में भी सहायक माना जाता है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान से मर्यादा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोक अदालत के सदस्य शांतिलाल जैन एवं करुणा केंद्र के अध्यक्ष घनश्याम काष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. महावीर शर्मा ने उपस्थित साधकों को हार्टफुलनेस ध्यान का अभ्यास करवाया।

कार्यक्रम के आयोजन में करुणा केंद्र की कार्यकारी अध्यक्ष निर्मला सिंघवी, उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, योग साधक संगीता जैन, अर्चना थोरात एवं सुशील शर्मा का विशेष सहयोग रहा। अंत में राज योगा एंड वैलनेस सेंटर की संचालिका स्वीटी जोशी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एकता शर्मा, पूनम सिंह राठौड़, रेखा शर्मा, पूजा विधा जैन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times