नगर निगम आयुक्त ने किया विशेष सफाई अभियान का निरीक्षण
भीलवाड़ा,5 सितम्बर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू की पहल पर नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के तहत शनिवार को निगम आयुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विशेष सफाई अभियान के तहत निगम क्षेत्र में कुल 16 विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने वार्ड संख्या 3, 10, 11, 15, 17, 31, 45, 56 और 66 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर फीडबैक लेने के साथ-साथ सड़कों, नालियों और खाली पड़े भूखंडों पर फैली गंदगी की सघन साफ-सफाई की।
*शहर के इन मुख्य मार्गों पर हुआ विशेष सफाई कार्य*
अभियान के दौरान यातायात के दबाव वाले और प्रमुख मार्गों पर विशेष फोकस रखा गया, जिनमें ये प्रमुख मार्ग शामिल हैं-
चित्तौड़ रोड (चंद्रशेखर आजाद नगर गेट से अजमेर चौराहा तक)
अजमेर चौराहा से सुखाड़िया सर्किल होते हुए जोधड़ास पुलिया तक
अजमेर चौराहा से रोडवेज बस स्टैंड होते हुए सांगानेरी गेट तक
रेलवे स्टेशन से बड़े मंदिर होते हुए सांगानेरी गेट तक
लव गार्डन रोड गायत्री आश्रम से राजीव गांधी ऑडिटोरियम होते हुए हनुमान मंदिर बगता बाबा रोड तक
अग्रसेन सर्किल से केशव पोरवाल हॉस्पिटल होते हुए जोधड़ास पुलिया तक
इन प्रमुख मार्गों पर सड़कों के साथ-साथ पटरियों की भी विशेष रूप से सफाई की गई, जिससे शहरवासियों को आवागमन में सुविधा और स्वच्छता मिल सके।
निगम प्रशासन ने शहर की जनता से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
