भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, सर्किट हाउस में मिला गार्ड ऑफ ऑनर
भीलवाड़ा। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शुक्रवार को एक दिवसीय भीलवाड़ा दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा की संकल्प सेवा यात्रा में भाग लिया। शहर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया ।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी और पूर्व सांसद सुभाष चंद्र बेहड़िया सहित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शेखावत का स्वागत किया। इस दौरान भीलवाड़ा नगर निगम की महापौर जसवंत कंवर भी मौजूद रहीं ।
इसके बाद गजेंद्र सिंह शेखावत सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने हाल ही में हुए भीलवाड़ा निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर जिले के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
शेखावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव अलग-अलग समय पर होते थे, जबकि मुख्यमंत्री ने चुनावों को एक साथ कराने की दिशा में काम किया है।
भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की प्रशंसा करते हुए शेखावत ने कहा कि देश के 140 करोड़ लोगों को उन पर गर्व है। उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और भूमिका की सराहना की।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शेखावत ने कहा कि कांग्रेस प्रत्येक चुनाव परिणाम के बाद ईवीएम हैक होने का बहाना बनाती है। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है और पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद भी कांग्रेस की ओर से इसी तरह की बातें कही जाएंगी।
कांग्रेस के पूर्व मंत्री द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी को लेकर दिए गए बयान पर भी शेखावत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि सार्वजनिक मंच पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए।
शाहपुरा (भीलवाड़ा) से राजेंद्र खटीक।
