उपखंड कार्यालय में गांधीजी को श्रद्धांजलि, पौधरोपण के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया श्रमदान
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गुरुवार को उपखंड कार्यालय शाहपुरा में श्रद्धा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधीजी के विचारों को याद करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ शाहपुरा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर हुई। इसके बाद गांधीजी के प्रिय भजनों के साथ रामधुनी का आयोजन किया गया। वातावरण गांधीजी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। उन्होंने आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ से हरियाली का संदेश
गांधी जयंती के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गांधी पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपखंड स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधों की देखभाल और अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। वहीं ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत गांधी पार्क एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए पार्क एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। इस दौरान आमजन को भी स्वच्छता अभियान से जुड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया संकल्प
उपखंड अधिकारी बनवारी लाल सिनसिनवार ने कहा कि गांधी जयंती हमें केवल राष्ट्रपिता के विचारों को याद करने का अवसर नहीं देती, बल्कि उन विचारों को अपने व्यवहार में उतारने की प्रेरणा भी देती है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से शाहपुरा को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रशासनिक कार्यों के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया और स्वच्छ शाहपुरा के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी पुरुषोत्तम पंवार, सीबीईओ महेश शर्मा, वनपाल खुशवंत राजावत सहित उपखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। गांधी जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में श्रद्धांजलि के साथ स्वच्छता, श्रमदान और पौधरोपण के जरिए गांधीजी के विचारों को धरातल पर उतारने का संदेश दिखाई दिया।
