सड़क, पार्क, विद्युत एवं सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्य होंगे
भीलवाड़ा, 7 अक्टूबर। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की अनुशंसा पर नगर विकास न्यास, भीलवाड़ा द्वारा शहर में विभिन्न विकास कार्य करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर विकास न्यास की ओर से इन कार्यों के लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। प्रस्तावित 10 विकास कार्यों की कुल अनुमानित लागत करीब 4.04 करोड़ रुपये है।
निविदा में शामिल प्रमुख कार्यों में स्कैनिंग लोकल सर्वर के लिए 5 केवीए का यूपीएस लगाने का कार्य 2.58 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं न्यास की पंचवटी योजना क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट संबंधी कार्य पर 3.33 लाख रुपये, बेटी गौरव पार्क के वार्षिक रखरखाव एवं सुरक्षा पर 4.17 लाख रुपये तथा पंचवटी क्षेत्र के पार्क में पोल एवं एलईडी लाइट लगाने के कार्य पर 5.75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसी प्रकार शिवाजी पार्क के वार्षिक रखरखाव एवं सुरक्षा के लिए 7 लाख रुपये, किशनावतों की खेड़ी में सामुदायिक भवन में हॉल, शौचालय एवं स्नानघर निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा नेहरू विहार योजना के सेक्टर-18 पार्क के विकास एवं अन्य जनसुविधा संबंधी कार्यों के लिए 49.37 लाख रुपये की निविदा जारी की गई है।
सड़क विकास के क्षेत्र में रेलवे अंडरपास चित्तौड़ रोड से कुंभा सर्किल होते हुए आजाद नगर योजना तक सड़क के नवीनीकरण के लिए 87.51 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सिद्धार्थ नगर से 60 फीट रोड होते हुए 200 फीट रिंग रोड तक कैनाल के समानांतर सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य पर 99.64 लाख रुपये तथा अजमेर रोड की ओर मास्टर प्लान के अनुसार बीटी सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत का कार्य प्रस्तावित है।
नगर विकास न्यास की ओर से जारी निविदाओं में शामिल इन 10 कार्यों की कुल अनुमानित लागत 4 करोड़ 4 लाख रुपये है। इनमें सड़क, विद्युत, पार्क, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। विभिन्न कार्यों को पूरा करने की अवधि 2 माह से 12 माह तक निर्धारित की गई है।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा शहर में सड़क, पार्क, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उनका प्रयास है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्य स्वीकृत करवाकर उन्हें समयबद्ध रूप से पूरा कराया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इन विकास कार्यों के पूरा होने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पार्कों के विकास और रखरखाव को भी गति मिलने की उम्मीद है।
