भीलवाड़ा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान सरकार ने भीलवाड़ा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) पद को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। विभाग ने डॉ. संजीव कुमार शर्मा को दिए गए अतिरिक्त कार्यभार के आदेश को तत्काल प्रभाव से प्रत्याहृत कर लिया है। वहीं डॉ. चेतेन्द्रपुरी गोस्वामी को भीलवाड़ा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पद की प्रशासनिक एवं सामान्य वित्तीय शक्तियां प्रदान की गई हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (ग्रुप-2) विभाग की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी आदेश में राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर द्वारा एस.बी. सिविल रिट पिटिशन संख्या 16508/2025 में पारित अंतरिम आदेश दिनांक 12 जनवरी 2026 की पालना का उल्लेख किया गया है।
आदेश के अनुसार डॉ. संजीव कुमार शर्मा, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी, भीलवाड़ा को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भीलवाड़ा के पद का दिया गया अतिरिक्त कार्यभार तत्काल प्रभाव से वापस लिया गया है।
वहीं डॉ. चेतेन्द्रपुरी गोस्वामी को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भीलवाड़ा के पद की प्रशासनिक एवं सामान्य वित्तीय शक्तियां प्रदान की गई हैं। यह व्यवस्था एस.बी. सिविल रिट पिटिशन संख्या 16508/2025 एवं उक्त प्रकरण में दायर डी.बी. स्पेशल अपील के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। साथ ही माननीय उच्च न्यायालय में दायर याचिका संख्या 17434/2026 की पालना में यह आदेश जारी किया गया है।
विभागीय आदेश में डॉ. चेतेन्द्रपुरी गोस्वामी को राजस्थान सामान्य वित्तीय एवं लेखा नियम-3 के अंतर्गत आहरण एवं वितरण अधिकारी (DDO) की शक्तियां प्रदान किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
यह आदेश संयुक्त शासन सचिव निशा मीना की ओर से राज्यपाल की आज्ञा से जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला कलेक्टर, संबंधित अधिकारियों एवं अन्य विभागीय शाखाओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
