भीलवाड़ा। विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की ओर से अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को भीलवाड़ा में शौर्य शक्ति संचलन निकाला गया। अनुशासन, वीरता और देशभक्ति से ओतप्रोत इस संचलन ने शहर में उत्साह का माहौल बनाया। शहर के विभिन्न मार्गों पर व्यापारियों और प्रबुद्धजनों ने पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा संचलन
शौर्य शक्ति संचलन नेहरू रोड से शुरू होकर शहीद चौक, धान मंडी, बड़ा मंदिर, सराफा बाजार, हिंदू महासभा कार्यालय, भीमगंज थाना, सिंघल हॉस्पिटल, बजरंगी चौराहा, गांधी बाजार, महाराणा टॉकीज, माणिक्य नगर चौराहा, पटवा जी की गली, माली खेड़ा और ब्रज कोट के माताजी चौराहे सहित प्रमुख मार्गों से गुजरा।
संचलन के दौरान दुर्गा वाहिनी की बहनें तलवार वाहिनी, दंड वाहिनी और पताका वाहिनी के रूप में कतारबद्ध होकर शामिल हुईं। घोष के साथ कदमताल करतीं बहनों ने अनुशासित संचलन किया।
मंचीय कार्यक्रम में आत्मसम्मान और आत्मबल पर जोर
संचलन के समापन के बाद मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंचासीन अतिथियों ने भारत माता, महिषासुर मर्दिनी और राम दरबार के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दीप मंत्र सुनीता त्रिवेदी ने प्रस्तुत किया, जबकि आचार पद्धति विभाग संयोजिका सोनाली जांगिड़ ने संपन्न कराई। कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रीति दीदी ने रखी।
कार्यक्रम में साध्वी दीदी देवगिरी जी, छो बावड़ी, मुख्य वक्ता लता दीदी, प्रांत संयोजिका प्रीति दीदी, प्रांत सहसंयोजिका सीमा दीदी, समाजसेवी डॉ. शीतल अजमेरा और मातृशक्ति विभाग संयोजिका गायत्री सोनी मंचासीन रहीं।बालिकाओं से साहस और जागरूकता अपनाने का आह्वानमुख्य वक्ता लता पांडिया ने बालिकाओं को आत्मसम्मान, आत्मबल और सामाजिक जागरूकता का महत्व बताया। उन्होंने पहचान छिपाकर दोस्ती करने के मामलों में सतर्क रहने की बात कही। साथ ही नशे को स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए नुकसानदायक बताते हुए इससे दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने बालिकाओं से मां दुर्गा से प्रेरणा लेकर आत्मविश्वास और साहस विकसित करने तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक भूमिका निभाने की अपील की।आयोजन में बड़ी संख्या में बहनों और महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
विधायक अशोक कोठारी और उम्मेद सिंह राठौड़ ने की पुष्पवर्षा
संचलन के दौरान शहर विधायक अशोक कोठारी ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जिला अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ ने भी पुष्पवर्षा कर दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति की बहनों का अभिनंदन किया। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने संचलन का स्वागत किया।
