बजरी माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा: डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक मौके से फरार

खबर को शेयर करे :-

फूलियाकलां पुलिस की दो बड़ी कार्रवाइयों से अवैध बजरी कारोबारियों में हड़कंप

शाहपुरा (भीलवाड़ा)। जिले में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलियाकलां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से अवैध बजरी परिवहन में प्रयुक्त एक डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

थानाधिकारी राजकुमार नायक ने बताया कि पुलिस टीम ने केकड़ी रोड स्थित खारी नदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे एक डंपर को जब्त किया। वहीं दूसरी कार्रवाई कनेछन कलां के निकट की गई, जहां बजरी परिवहन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया गया।

पुलिस की दबिश के दौरान दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जब्त वाहनों को थाने में सुरक्षित खड़ा करवा दिया है तथा फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी गई है।

थानाधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध खनन और बजरी परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान जारी है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई को अवैध बजरी कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा उठाए गए कदम की सराहना की है।

प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड