भीलवाड़ा। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने शनिवार को उपनगर पुर के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर डीएमएफटी फंड से संचालित निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, युवाओं और विद्यालय विकास समिति के सदस्यों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। विधायक ने पुर में खेल मैदान और नवीन पार्क विकसित करने की दिशा में आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
57 लाख की लागत से बनेंगे चार नए कक्षा-कक्ष
विधायक कोठारी ने सबसे पहले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुर का निरीक्षण किया। यहां डीएमएफटी फंड से 57 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य की जानकारी ली।
विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्पना जैन ने बताया कि यह उपनगर पुर का सबसे बड़ा विद्यालय है। विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में कक्षा-कक्षों की आवश्यकता को देखते हुए चार नए कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है।
पांच विद्यालयों में निर्माण कार्यों का जायजा
इसके बाद विधायक ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नागोरी मोहल्ला पुर, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय माली मोहल्ला और राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुम्हारिया खेड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने डीएमएफटी फंड के तहत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
खेल मैदान और पार्क विकसित करने का भरोसा
निरीक्षण के बाद विधायक कोठारी ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और युवाओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुर में खेल मैदान की कमी और नवीन पार्क विकसित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
विधायक कोठारी ने बताया कि पुर की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 75 लाख रुपये की लागत से रेसलिंग और जूडो हॉल का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्रवासियों को खेल मैदान और पार्क उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उपनगर पुर के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। शिक्षा, खेल और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए काम किया जाएगा।
इस दौरान एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेंद्र सिंह, शिक्षाविद् विवेक निमावत, संजय राठी, राजेंद्र जैन, संपत गंधर्व, विजय कुमार गुप्ता सहित विद्यालय विकास समिति के सदस्य और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
