गुजरात की झलक भीलवाड़ा में, जम रहा गरबा का रंग

खबर को शेयर करे :-

गरबा महोत्सव के अंतिम दिन 19 अक्टूबर को होगी विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं, विजेताओं को मोमेंटो देकर किया जाएगा सम्मानित

भीलवाड़ा। गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज, भीलवाड़ा के तत्वावधान में कृषि मंडी रोड स्थित महर्षि गौतम शिक्षण संस्थान में आयोजित गरबा महोत्सव–2026 में इन दिनों गुजरात की संस्कृति और परंपरा की मनमोहक झलक देखने को मिल रही है। रंग-बिरंगी गुजराती पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं, बच्चे और बच्चियां गुजराती गीतों एवं भजनों की मधुर धुनों पर गरबा कर उत्सव के रंग को और भी आकर्षक बना रहे हैं।

योगेश व्यास व मुकेश त्रिपाठी ने बताया महोत्सव के दौरान पारंपरिक चनिया-चोली, साड़ियों और गुजराती परिधानों में सजे प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी आयोजन का विशेष आकर्षण बनी हुई है। ढोल की थाप और संगीत की लय पर कदमताल करते प्रतिभागी भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और सामूहिक उत्साह का सुंदर संगम प्रस्तुत कर रहे हैं। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

19 अक्टूबर को होगा प्रतियोगिताओं का आयोजन

कमेटी के विनोद शर्मा ने बताया नवरात्रि के अंतिम दिवस, सोमवार 19 अक्टूबर को गरबा महोत्सव के समापन अवसर पर बच्चों, बच्चियों, महिलाओं एवं कपल श्रेणी में विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी अपनी गरबा कला, नृत्य कौशल और शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य प्रतिभागियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना और समाज के लोगों में आपसी मेलजोल, उत्साह एवं एकता की भावना को मजबूत करना है।

गरबा महोत्सव के माध्यम से समाज के लोग न केवल धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ रहे हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश भी दे रहे हैं। भीलवाड़ा में साकार हो रही गुजरात की यह सांस्कृतिक छटा गरबा प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड