भीलवाड़ा। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान रविवार सुबह एक बस से करीब 200 किलो संदिग्ध मावा बरामद हुआ। मावे को लेने के लिए कोई नहीं पहुंचा, जिसके बाद सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में टीम ने उसे नियमानुसार नष्ट करवा दिया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में बदाली खेड़ा चौराहे से लांबिया टोल होते हुए होटल लैंडमार्क तक बसों की चेकिंग के दौरान एक बस में चार गठ्ठरों में बंधा करीब 200 किलो संदिग्ध मावा मिला।
सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि बस चालक से पूछताछ में मावा किसी व्यक्ति द्वारा बस में रखवाने और उसे निम्बाहेड़ा ले जाने की जानकारी मिली। टीम ने चालक के माध्यम से संबंधित फर्म से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी मावा लेने कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मावे को जब्त कर डंपिंग यार्ड में नष्ट करवा दिया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, नीरज मीना और संजय वर्मा सहित महेश पंड्या एवं प्रेम दत्त शर्मा मौजूद रहे।
संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना दें
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की कि त्योहारी सीजन में मावा और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता का ध्यान रखें। जिले में मिलावट या संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिलने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
