आम आदमी पार्टी सभी 9 पंचायत समितियों के सभी वार्डों एवं जिला परिषद के सभी 29 वार्डों में उतारेगी प्रत्याशी ।

खबर को शेयर करे :-

जिला चुनावी बैठक में हुआ ऐलान, सभी वार्डों में चुनाव लड़ने की तैयारी

राजसमंद। आम आदमी पार्टी ने आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने आज आयोजित प्रेस वार्ता एवं जिला चुनावी बैठक में घोषणा की कि आगामी पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों में आम आदमी पार्टी जिले की सभी 9 पंचायत समितियों के सभी वार्डों तथा जिला परिषद के 29 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारेगी।

प्रदेश सह प्रभारी महेश खींची ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न नगर निकाय चुनावों में पहली बार चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कुल 42 पार्षदों को जीत दिलाई।

पार्टी ने पहली बार में ही बारां में अपना बोर्ड बनाने में सफलता प्राप्त की। बारां नगर परिषद में शीतल राठौड़ सभापति तथा पीड़ावा नगर पालिका में सगीर अहमद खां उपसभापति निर्वाचित हुए हैं।

आम आदमी पार्टी ने नगर निकाय चुनावों के परिणामों को आगामी पंचायती राज चुनावों के लिए जनता की अपेक्षाओं और बदलाव की मांग के रूप में बताया। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रदेश के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल विकास के मुद्दे पर जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में विफल रहे हैं और उनके अनेक चुनावी वायदे धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई नहीं देते। इसके विपरीत, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर अपनी सरकारों के माध्यम से कार्य करके अपने मॉडल को जनता के सामने रखा है।

QR कोड के माध्यम से मांगी जाएगी प्रत्याशियों की दावेदारी

जिला चुनावी बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आम आदमी पार्टी द्वारा राजस्थान में इच्छुक उम्मीदवारों के लिए QR कोड जारी किया गया है।
पार्टी के साथ जुड़कर आगामी पंचायती राज चुनाव लड़ने के इच्छुक व्यक्ति QR कोड स्कैन कर अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकते हैं ।

पार्टी की ओर से बताया गया कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया में स्थानीय स्तर पर सक्रियता, जनसरोकारों से जुड़ाव तथा क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूत करने की क्षमता जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा।

इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट भरत कुमार पालीवाल , जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र गहलोत , जिला संगठन महासचिव पप्पू लाल कीर , सचिव कान सिंह राठौड़ , नाथद्वारा विधानसभा अध्यक्ष धर्मेश चंदेल , किसान विंग जिला अध्यक्ष कालूराम कुमावत , लकी , सूर्य प्रकाश आदि उपस्थित रहे ।

खबर को शेयर करे :-