भीलवाड़ा। पुराने भीलवाड़ा के वार्ड नंबर 40 स्थित जामा मस्जिद रोड, गुलमंडी के एक हिस्से में आजादी के समय से स्ट्रीट लाइट नहीं होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात होते ही गली में घना अंधेरा छा जाता है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई पार्षद आए और चले गए, लेकिन गली में रोशनी की व्यवस्था नहीं हो सकी। नगर निगम चुनाव के एक महीने बाद भी लोगों का आरोप है कि नवनिर्वाचित पार्षद शबनम शेख ने वार्ड में पहुंचकर समस्याओं का जायजा नहीं लिया। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि जब बुनियादी सुविधाओं की समस्या वर्षों से बनी हुई है, तो आखिर इसका समाधान कब होगा?
पार्षद पति की सक्रियता पर चर्चा
वार्ड में पार्षद पति की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पार्षद शबनम शेख के बजाय उनके पति ही अधिकांश कामकाज संभाल रहे हैं। चुनाव के दौरान भी उनके पति जनसंपर्क करते हुए वार्ड की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिला रहे थे। ऐसे में स्थानीय लोग जानना चाहते हैं कि वार्ड की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी कौन निभाएगा।
स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से जामा मस्जिद रोड, गुलमंडी की संबंधित गली में जल्द स्ट्रीट लाइट लगवाने तथा वार्ड की अन्य समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि उन्हें किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त रोशनी की जरूरत है। अब सवाल यह है कि क्या नगर निगम प्रशासन और वार्ड का निर्वाचित नेतृत्व जनता की इस समस्या को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करेगा, या गुलमंडी की यह गली आगे भी अंधेरे में रहने को मजबूर रहेगी?
