एबीआरएसएम का जिला महिला सम्मेलन आयोजित, सम्मेलन के बाद जिला कार्यकारिणी की बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा

खबर को शेयर करे :-

महिला सशक्त होगी, तभी राष्ट्र सशक्त होगा: पल्लवी लड्ढा

भीलवाड़ा, 15 नवंबर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) जिला भीलवाड़ा के तत्वावधान में शनिवार को सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला महिला सम्मेलन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। सम्मेलन में जिलेभर से संगठन की महिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जिला कार्यकारिणी की महिला सदस्यों ने भाग लिया।

सम्मेलन के प्रथम सत्र में संयोजिका मंजू कुमावत ने संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा, रीति-नीति एवं कार्यपद्धति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षक हितों के साथ शिक्षा की गुणवत्ता, सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।

खबर प्रसार टाइम्स

द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता एवं लघु उद्योग भारती की अध्यक्ष पल्लवी लड्ढा ने महारानी पद्मिनी और नारी स्वाभिमान विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने महारानी पद्मिनी को नारी अस्मिता एवं स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए उनके संबंध में नकारात्मक विमर्श का खंडन किया। उन्होंने शिक्षिकाओं से संस्कारवान भावी पीढ़ी के निर्माण तथा बच्चों में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्त होगी, तभी राष्ट्र सशक्त होगा।

मुख्य अतिथि चित्तौड़ प्रांत की बौद्धिक प्रमुख सुशीला लड्ढा ने वर्तमान समय में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों एवं उनके व्यावहारिक समाधान पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने कार्यक्षेत्र के साथ पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में संतुलन बनाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। ऐसे सम्मेलन महिला शिक्षिकाओं को संवाद, संगठनात्मक एकता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने अधिकाधिक महिला शिक्षिकाओं को संगठन से जोड़ने तथा प्रत्येक खंड में महिला इकाई को सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महिला उपाध्यक्ष नीता रावत ने किया। जिला महिला मंत्री शारदा विश्नोई, संयुक्त मंत्री सीमा लोहार एवं निर्मला सुखवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कल्पना जैन ने आभार व्यक्त किया।

जिला बैठक में शिक्षक समस्याओं पर चर्चा

महिला सम्मेलन के पश्चात जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा की अध्यक्षता में जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी प्रदेश शैक्षणिक सम्मेलन, शिक्षक समस्याओं एवं संगठनात्मक विस्तार को लेकर चर्चा की गई।

जिला अध्यक्ष बड़वा ने कहा कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ शिक्षक हित, शिक्षा हित एवं राष्ट्र हित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी को मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताया।

बैठक में शिक्षकों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। ओमप्रकाश सुथार ने पीडी एरियर एवं सरेंडर भुगतान, दुदाराम गुर्जर ने पुरुष शिक्षकों को भी चाइल्ड केयर लीव (सीसीएल) का लाभ देने, बालमुकुंद वैष्णव ने मिड-डे मील का भुगतान समय पर करने तथा नागेश्वर दाधीच ने डीपीसी शीघ्र कराने की मांग रखी।

इसी प्रकार रामेश्वरलाल आमेटा ने कुक-कम-हेल्पर का मानदेय बढ़ाने, श्यामलाल खटीक ने वेतन विसंगतियां दूर करने, नंदलाल पारीक ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण करने, विजेश सैनी ने नोशनल लाभ देने तथा कैलाशचंद्र सुथार ने एसीपी सहित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग उठाई।

इस दौरान जिला संयुक्त मंत्री मनोनीत होने पर बसंत पोरवाल का स्वागत किया गया। बैठक का संचालन जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूप सिंह ने किया तथा जिला सचिव अजीत सिंह ने आभार व्यक्त किया। बैठक में राजेश सोमाणी, अनिल उपाध्याय, महेश मंडोवरा, अनिल आसोपा सहित जिला एवं खंड कार्यकारिणी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड