10 अक्टूबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर

खबर को शेयर करे :-

जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश

भीलवाड़ा, 15 सितंबर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को प्रस्तावित इस वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बैठक आयोजित की गई। जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय जैन ने भीलवाड़ा मुख्यालय के सभी न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में श्री जैन ने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर अधिक से अधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पीठासीन अधिकारियों से प्रत्येक तारीख पेशी पर प्रकरणों में योजनाबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करने को कहा, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक मामलों का निस्तारण किया जा सके।

उन्होंने न्यायिक अधिकारियों को राजीनामा योग्य अधिक से अधिक प्रकरणों को चिन्हित करने तथा उनमें प्री-काउंसलिंग के माध्यम से पक्षकारों के बीच समझौता कराने के प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के सहयोग से आपसी सहमति के आधार पर मामलों के निस्तारण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक से पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रश्मि आर्य ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए अब तक किए गए प्रयासों एवं तैयारियों की जानकारी जिला एवं सेशन न्यायाधीश को दी। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के अधिकाधिक लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा लंबित राजीनामा योग्य मामलों के प्रभावी निस्तारण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

खबर को शेयर करे :-