ग्राम विकास चौपाल में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गिनाईं महिला सशक्तीकरण की उपलब्धियां

खबर को शेयर करे :-

लखपति दीदी योजना से महिलाएं बन रही आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर

भीलवाड़ा/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को भीलवाड़ा जिले के खारी का लाम्बा गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना, हर घर जल योजना और महिलाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनका लाभ देशभर की करोड़ों महिलाओं को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं के उत्थान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि प्रतिभाशाली छात्राओं को स्कूटी योजना का लाभ सीधे उनके खातों में राशि जमा कर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, मा वाउचर योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत महिलाओं को प्रति लीटर दूध पर 5 रुपये का अतिरिक्त अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। राज्य सरकार ने इस योजना के अंतर्गत ऋण सीमा बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये कर दी है तथा ब्याज दर घटाकर मात्र 1.5 प्रतिशत कर दी गई है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।

लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र और चैक

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं चैक वितरित किए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पुष्पा कंवर और अन्नू को चैक प्रदान किए गए। हंगामी देवी एवं रघुनाथ को पाइपलाइन योजना तथा हेमेन्द्र सिंह को फार्म पॉण्ड योजना की प्रशासनिक स्वीकृति सौंपी गई। अर्चना और लीला को मिनीकिट वितरित किए गए।

इसके अलावा चन्ता देवी जाट को कृषक सहकारी दुर्घटना योजना के तहत 10 लाख रुपये, अमर सिंह को ब्याजमुक्त ऋण योजना के तहत 1.13 लाख रुपये तथा विभिन्न स्वयं सहायता समूहों एवं राजीविका से जुड़ी महिलाओं को लाखों रुपये के चैक प्रदान किए गए।

राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्वयं सहायता समूहों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

क्लस्टर कॉर्डिनेटर सोनू कंवर ने बताया कि राजीविका से जुड़ने के बाद उनकी आय 20 से 25 हजार रुपये प्रतिमाह हो गई है और वे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में बराबर की भागीदारी निभा रही हैं।

लखपति मास्टर ट्रेनर मोना देवी ने बताया कि उन्होंने अब तक 4 हजार से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया है और वर्तमान में उनकी मासिक आय 16 से 17 हजार रुपये है।

कृषि सखी दिव्या शर्मा ने जैविक खेती और किचन गार्डन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के अपने प्रयासों की जानकारी दी, जबकि डाटा सखी हीना बानो ने बताया कि राजीविका से जुड़ने के बाद उनकी आय बढ़ी है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं।

मुख्यमंत्री करेंगे गांव में रात्रि विश्राम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का खारी का लाम्बा गांव में रात्रि विश्राम का भी कार्यक्रम निर्धारित है। वे शनिवार सुबह ग्रामीणों के साथ प्रातः भ्रमण कर संवाद करेंगे तथा विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ,आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी,शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया ,पूर्व विधायक भीलवाड़ा विट्ठल शंकर अवस्थी, पूर्व विधायक आसींद रामलाल गुर्जर, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़, पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक सागर राणा, पंचायत समिति प्रशासक कृष्ण सिंह राठौड़ , प्रशासक ग्राम पंचायत लांबा दिव्यानी राठौड़, आजाद शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-