हरी शेवा उदासीन आश्रम में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाए जा रहे कार्तिक मास के विभिन्न पर्व, भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और गौमाता की आराधना का विशेष महत्व
भीलवाड़ा। हरीशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर, भीलवाड़ा में कार्तिक मास के दौरान विभिन्न धार्मिक पर्व एवं त्योहार श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाए जा रहे हैं। महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन ने कार्तिक मास की धार्मिक महत्ता बताते हुए कहा कि सनातन धर्म में कार्तिक का महीना अत्यंत पवित्र, पुण्यदायी एवं फलदायी माना गया है। इस माह में भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागरण, माता लक्ष्मी की आराधना, देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा सहित अनेक महत्वपूर्ण पर्व आते हैं।
स्वामी जी ने बताया कि कार्तिक कृष्ण पक्ष में धन्वंतरि जयंती एवं धनतेरस, चतुर्दशी को रूप चौदस तथा अमावस्या को दीपावली का पर्व मनाया जाता है। इसके अगले दिन कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा की जाती है। ये सभी पर्व भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को लाभ पंचमी मनाई जाती है। इसे दीपावली एवं नववर्ष के उत्सव का अंतिम दिन तथा नए व्यापार एवं कारोबार की शुरुआत के लिए शुभ माना जाता है। शुक्ल पक्ष की अष्टमी को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गौचारण लीला का शुभारंभ किया था। इसी क्रम में कार्तिक शुक्ल नवमी को अक्षय आंवला नवमी मनाई जाती है। मान्यता है कि आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी का वास होता है। इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने से अक्षय पुण्य, सुख-समृद्धि एवं परिवार में खुशहाली प्राप्त होती है। स्वामी हंसराम जी ने बताया कि कार्तिक शुक्ल एकादशी को देवोत्थान अथवा देवउठनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा पूर्ण कर जागृत होते हैं। इसी अवसर पर भगवान शालिग्राम एवं माता तुलसी का विवाह संपन्न कराया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह करने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है। उन्होंने कार्तिक मास में कल्पवृक्ष की पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कल्पवृक्ष को दिव्य एवं मनोकामनाएं पूर्ण करने वाला वृक्ष माना गया है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार समुद्र मंथन के दौरान प्रकट हुए चौदह रत्नों में कल्पवृक्ष भी शामिल था। स्वामी जी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा का पर्व देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। इस दिन दीपदान, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व है। अंत में उन्होंने कहा कि कार्तिक मास केवल त्योहारों का महीना नहीं, बल्कि धर्म, भक्ति, सेवा, गौ-सम्मान, प्रकृति संरक्षण और आध्यात्मिक साधना का संदेश देने वाला पवित्र समय है। इस माह में श्रद्धा एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से जीवन में सकारात्मकता, सुख-शांति एवं समृद्धि का संचार होता है।
