17 सितम्बर से शुरू होगा स्वैच्छिक रक्तदान अभियान, 1-2 अक्टूबर को मेगा रक्तदान शिविर

17 सितम्बर से शुरू होगा स्वैच्छिक रक्तदान अभियान, 1-2 अक्टूबर को मेगा रक्तदान शिविर
खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भीलवाड़ा जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वैच्छिक रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 1 एवं 2 अक्टूबर को विशेष मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष अभियान की थीम “One Drop of Humanity. Give Blood. Save Lives” यानी “मानवता की एक बूंद-रक्तदान करें, जीवन बचाएं” रखी गई है।

नियमित रक्तदाताओं का तैयार होगा मजबूत आधार

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नियमित रक्तदाताओं का मजबूत आधार तैयार करना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकता के समय रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों की रहेगी भागीदारी

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने बताया कि अभियान में एनसीसी, उच्च शिक्षा संस्थानों, MY Bharat स्वयंसेवकों, युवा संगठनों, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही रक्तदाताओं के सम्मान कार्यक्रम भी होंगे। उप जिला एवं जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ब्लड सेंटरों तथा पीएचसी और सीएचसी पर यथासंभव रक्त समूह परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

युवाओं से रक्तदान की अपील

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने आमजन एवं युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

इन स्थानों पर होंगे रक्तदान शिविर

अभियान के तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से:

  1. राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कुण्डगेट, शाहपुरा
  2. जालमपुरा, भीलवाड़ा
  3. बालाजी मंदिर, जालमपुरा, भीलवाड़ा
  4. अरबन फॉरेस्ट, ओस्तवाल ग्रुप, आटूण रोड, भीलवाड़ा
  5. काटेड भवन, प्राइवेट बस स्टैंड, भीलवाड़ा
  6. रामद्वारा, स्वामी रामचरण मार्ग, भीलवाड़ा
  7. पोरवाल हॉस्पिटल, भीलवाड़ा

अभियान के दौरान आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों में युवाओं और आमजन की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा। प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग ने अधिक से अधिक लोगों से आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड