भीलवाड़ा से सुबह 7 बजे श्रद्धालुओं के साथ पहुंचेंगे रामनिवास धाम रामद्वारा, स्वास्थ्य उपचार के बाद अहमदाबाद से लौट रहे आचार्यश्री के आगमन को लेकर भक्तों में उत्साह
शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी)।
अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के अनुयायियों के लिए खुशखबर है। संप्रदाय के आचार्य जगद्गुरु स्वामी रामदयालजी महाराज 25 नवंबर, बुधवार को शाहपुरा धाम पधारेंगे। आचार्यश्री के आगमन की सूचना से रामस्नेही संप्रदाय के श्रद्धालुओं और भक्तों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय बाद आचार्यश्री के शाहपुरा आगमन को लेकर भक्तजन उनके स्वागत और दर्शन की तैयारियों में जुटेंगे।
आचार्य स्वामी रामदयालजी महाराज ने अहमदाबाद में अपने शाहपुरा आगमन की जानकारी देते हुए बताया कि वे अहमदाबाद से भीलवाड़ा पहुंचेंगे। इसके बाद 25 नवंबर को प्रातः 7 बजे भीलवाड़ा से भक्तजनों और श्रद्धालुओं के साथ शाहपुरा स्थित रामनिवास धाम रामद्वारा के लिए प्रस्थान करेंगे।
उल्लेखनीय है कि आचार्य स्वामी रामदयालजी महाराज का भीलवाड़ा में चातुर्मास प्रवास के दौरान ही स्वास्थ्य खराब हो गया था। इसके बाद उनका रामस्नेही चिकित्सालय में उपचार चला। चातुर्मास की समाप्ति के बाद उन्होंने स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए इंदौर तथा इसके बाद अहमदाबाद में चिकित्सकीय परामर्श लिया।
अब उपचार और स्वास्थ्य जांच के बाद आचार्यश्री के शाहपुरा आगमन का कार्यक्रम तय हुआ है। उनके आगमन की खबर से श्रद्धालुओं में विशेष प्रसन्नता है।
शाहपुरा रामस्नेही संप्रदाय की प्रमुख आध्यात्मिक पीठ है। ऐसे में आचार्यश्री का रामनिवास धाम रामद्वारा पहुंचना संप्रदाय के अनुयायियों के लिए विशेष महत्व रखता है। 25 नवंबर को सुबह भीलवाड़ा से श्रद्धालुओं के साथ उनकी रवानगी और शाहपुरा आगमन को लेकर भक्तों में उत्सुकता बनी हुई है।
