1,559 बूथों पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलेगा अभियान, छूटे बच्चों को घर-घर जाकर पिलाई जाएगी खुराक
भीलवाड़ा, 21 नवंबर। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार, 22 नवंबर को 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के तहत जिले में 3 लाख 50 हजार 708 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 1,559 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं।
अभियान को लेकर शनिवार को महात्मा गांधी राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर से शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चेतेन्द्र पुरी गोस्वामी एवं चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों ने नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक करते हुए अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर दो बूंद जिंदगी की पिलाने की अपील की।
रैली जिला चिकित्सालय से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः चिकित्सालय परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान चिकित्सा विभाग के अधिकारी, चिकित्साकर्मी एवं नर्सिंग प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
सीएमएचओ डॉ. गोस्वामी ने बताया कि रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बूथ दिवस पर दवा पीने से वंचित रहने वाले बच्चों को अभियान के दूसरे और तीसरे दिन चिकित्सा विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान हाई रिस्क क्षेत्रों, ईंट भट्टों और ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जहां बच्चों तक पहुंचने में कठिनाई होती है। इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहे।
सीएमएचओ ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए रविवार को पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और उसे पोलियो की दो बूंदें पिलवाएं।
जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण ने बताया कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ऑटो माइकिंग, होर्डिंग्स, फ्लैक्स और जागरूकता रैलियों का सहारा लिया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए आंगनबाड़ी, शिक्षा विभाग, स्थानीय निकायों एवं स्वयंसेवी संगठनों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
