सीमावर्ती क्षेत्रों में गोवंश संरक्षण के लिए विधायक कोठारी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

खबर को शेयर करे :-

सात तहसीलों में तत्काल निःशुल्क पशु शिविर, नए चारा डिपो और पेयजल व्यवस्था शुरू करने की मांग, गौशालाओं के लिए विशेष पैकेज जारी करने पर दिया जोर

भीलवाड़ा, 21 नवंबर। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में अल्पवर्षा और भीषण सूखे के चलते गोवंश पर मंडरा रहे संकट को देखते हुए भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर गोवंश संरक्षण एवं पशुपालकों को राहत देने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

विधायक कोठारी ने हाल ही में पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों का चार दिवसीय दौरा कर जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, सिरोही एवं जालोर जिलों में गौसेवकों, गौभक्तों, गौशाला संचालकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया था। इस दौरान जैसलमेर जिले की जैसलमेर, फतेहगढ़ एवं सम तथा बाड़मेर जिले की गडरा रोड, रामसर, शिव एवं चौहटन सहित सात तहसीलों में गोवंश की स्थिति चिंताजनक पाई गई।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कोठारी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पशुपालन अधिकांश परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। अल्पवर्षा और सूखे के कारण पशुपालकों के सामने पलायन की नौबत आ सकती है। इससे न केवल पशुधन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों की आबादी एवं सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

आठ प्रमुख मांगें उठाईं

विधायक कोठारी ने मुख्यमंत्री से आठ प्रमुख मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है। इनमें अकाल प्रभावित सात तहसीलों में तत्काल निःशुल्क पशु शिविर शुरू करना, पशुधन की संख्या के अनुपात में अधिक से अधिक नए चारा डिपो खोलना तथा लघु एवं सीमांत किसानों के साथ मध्यम और बड़े किसानों को भी चारा डिपो एवं पशु शिविरों का लाभ देना शामिल है।

इसके अलावा पानी की गंभीर समस्या वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर सरकारी ट्यूबवेल, गौकुंड एवं जीएलआर का निर्माण करवाने तथा आवश्यकता के अनुसार टैंकरों से गोवंश के लिए पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

कोठारी ने गौशालाओं की बकाया अनुदान राशि का भुगतान करने और अकाल की स्थिति में घोषित तीन माह का विशेष पैकेज तत्काल जारी करने पर भी जोर दिया है। उन्होंने चारा डिपो संचालन में ग्राम पंचायतों, सहकारी समितियों, दुग्ध उत्पादक समितियों के साथ प्रामाणिक गौसेवा संस्थाओं को भी शामिल करने तथा चारा वितरण प्रक्रिया को सरल बनाने का सुझाव दिया है।

विधायक कोठारी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दुष्काल की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए इन मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में गोवंश का संरक्षण हो सके और संकट से जूझ रहे पशुपालकों को समय पर राहत मिल सके।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड