30 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, निजी स्वास्थ्य संस्थानों को डिजिटल हेल्थ नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी
भीलवाड़ा, 22 अक्टूबर। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत भीलवाड़ा जिले में निजी स्वास्थ्य संस्थानों एवं स्वास्थ्य पेशेवरों को डिजिटल हेल्थ नेटवर्क से जोड़ने के लिए विशेष सघन अभियान चलाया जा रहा है। 15 से 30 अक्टूबर तक संचालित इस अभियान में निजी डॉक्टरों और स्वास्थ्य पेशेवरों की हेल्थकेयर प्रोफेशनल आईडी (एचपीआईडी) तथा पात्र अस्पतालों, क्लीनिक, फार्मेसी, लैब और सोनोग्राफी सेंटर की हेल्थकेयर फैसिलिटी आईडी (एचएफआईडी) बनाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य निजी स्वास्थ्य क्षेत्र को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ना और स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटल प्रबंधन को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही निजी चिकित्सा संस्थानों को हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) सॉफ्टवेयर अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पंजीकरण के लिए ये दस्तावेज जरूरी
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि पंजीकरण कराने वाले स्वास्थ्य पेशेवर अपने साथ आधार से जुड़े मोबाइल नंबर, काउंसिल पंजीकरण प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज तथा वर्तमान कार्यस्थल का प्रमाण रखें। अभियान के दौरान पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देने और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग की ओर से सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने जिले के सभी पात्र निजी स्वास्थ्य संस्थानों एवं स्वास्थ्य पेशेवरों से अपील की कि वे 30 अक्टूबर तक आवश्यक पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें। इससे जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के नेटवर्क का विस्तार करने और स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
