रक्तदान कर युवाओं ने दिया मानव सेवा का संदेश, विश्व हिंदू परिषद के हितचिंतक अभियान के तहत रक्तदाताओं को दिलाई सदस्यता
भीलवाड़ा। जिले में रक्त की कमी को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रीदेव लाइब्रेरी एवं हॉस्टल की ओर से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 103 यूनिट रक्तदान किया।
राजेश गुर्जर ने बताया कि शिविर का विधिवत उद्घाटन सुबह 10 बजे बजरंग दल के जिला मंत्री विजय ओझा, गौसेवक रामलखन, मनोज सोनी एवं राजेश गुर्जर ने किया। उद्घाटन के बाद रक्तदान की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों का परिचय दिया।
शिविर में रक्त संग्रहण का कार्य कोटड़ी श्याम ब्लड सेंटर की टीम द्वारा किया गया। आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
रक्तदान के साथ चलाया हितचिंतक अभियान
शिविर के दौरान विश्व हिंदू परिषद की ओर से संचालित हितचिंतक अभियान भी चलाया गया। राजेश गुर्जर ने बताया कि अभियान के तहत रक्तदान करने पहुंचे लोगों को विश्व हिंदू परिषद की सदस्यता दिलाई गई। इस पहल के माध्यम से रक्तदान के साथ सामाजिक सहभागिता और संगठनात्मक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया गया।
राजेश गुर्जर ने की रक्तदान की अपील
राजेश गुर्जर ने भीलवाड़ा शहर एवं जिलेवासियों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर ऐसे सामाजिक एवं जनसेवा के आयोजनों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
