भीलवाड़ा। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गनाइजेशन (NMO), सेवा भारती भीलवाड़ा एवं सेवा विभाग भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में शहर की विभिन्न सेवा बस्तियों में वृहद निःशुल्क चिकित्सा अभियान का आयोजन किया गया।

“सेवा, समरसता और स्वास्थ्य” के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान के अंतर्गत 7 अलग-अलग सेवा बस्तियों में एक साथ चिकित्सा शिविर लगाए गए, जिनका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करना रहा।
यह चिकित्सा अभियान पंचवटी सी. सेक्टर, बजरंग बस्ती (बडला चौराहा, शास्त्री नगर), कुवाड़ा खान (रजिस्टर ऑफिस के पास), गवारिया बस्ती (आर.सी. व्यास कॉलोनी), बालाजी खेड़ा (मालोला चौराहा), हैप्पी डेज बस्ती (आजाद नगर डी सेक्टर) तथा बापूनगर क्षेत्र की बंजारा बस्ती एवं आवरी माता (पुर रोड) में आयोजित किया गया।
सभी स्थानों पर प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक शिविर संचालित किए गए, जहाँ बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने लाभ प्राप्त किया।

शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवाइयों का वितरण, महिलाओं हेतु निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान चिकित्सकों एवं मेडिकल विद्यार्थियों ने न केवल उपचार प्रदान किया, बल्कि लोगों को स्वच्छता, पोषण एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
इस सेवा कार्य में 14 से अधिक अनुभवी चिकित्सकों, 40 से अधिक मेडिकल विद्यार्थियों और सेवा भारती के 70 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

उनके सामूहिक प्रयासों से 400 से अधिक मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ, जिससे वंचित बस्तियों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित हो सकी।
यह आयोजन केवल एक चिकित्सा सेवा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और सेवा के मूल्यों को सशक्त करने का एक प्रेरणादायक प्रयास सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों — समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, अवसर और सम्मान पहुँचाने — को व्यवहार में उतारने का सार्थक प्रयास किया गया।
यह सेवा अभियान इस बात का जीवंत उदाहरण है कि जब संगठित प्रयास, चिकित्सा ज्ञान और सेवा भावना एक साथ मिलते हैं, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित होता है।
