शिक्षा का मंदिर हुआ शर्मसार: शिक्षक पर छात्र से मारपीट का आरोप, आंख में गंभीर चोट

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा (भीलवाड़ा), 1 मई 2026 | राजेन्द्र खटीक

शाहपुरा क्षेत्र के एक विद्यालय में छात्र के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, रामस्नेही संस्कृत विद्यालय में अध्ययनरत छात्र सुजल शर्मा के साथ एक शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिससे उसकी आंख पर गंभीर चोट आई है।

परिजनों के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब विद्यालय प्रशासन की ओर से छात्र के पिता को फोन कर तत्काल बुलाया गया। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके पुत्र की आंख पर गंभीर चोट के निशान थे। इसके बाद वे तुरंत उसे शाहपुरा जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति को देखते हुए उसे भीलवाड़ा रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई।

करीब डेढ़ घंटे बाद ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी गीता माहेश्वरी अस्पताल पहुंचीं और मामले की जानकारी ली। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

पीड़ित छात्र के पिता ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ शाहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच के संकेत दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन के तरीकों पर गंभीर बहस खड़ी करती है।

खबर को शेयर करे :-