राज्यपाल हरिभाऊ बागडे करेंगे श्री नवग्रह आश्रम का दौरा, आयुर्वेद और पादप चिकित्सा को बताया भविष्य की जरूरत

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा। राजस्थान के राज्यपाल ने भीलवाड़ा जिले के प्रसिद्ध श्री नवग्रह आश्रम सेवा संस्थान द्वारा आयुर्वेद एवं पादप चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान सहित पूरे देश में आयुर्वेद को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने निकट भविष्य में नवग्रह आश्रम का दौरा करने की इच्छा भी जताई।

बुधवार को जयपुर स्थित में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से श्री नवग्रह आश्रम सेवा संस्थान के अध्यक्ष हंसराज चौधरी , मीडिया प्रभारी मूलचंद पेशवानी तथा महाराजा कॉलेज जयपुर के प्राचार्य जी.पी. सिंह ने शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को नवग्रह आश्रम द्वारा प्रकाशित साहित्य एवं हंसराज चौधरी द्वारा लिखित हाल ही में प्रकाशित अंग्रेजी पुस्तक Cancer Through Ayurved Lens भेंट की। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने आयुर्वेद, पादप चिकित्सा पद्धति और विभिन्न रोगों के पारंपरिक उपचारों पर विस्तार से चर्चा की।

राज्यपाल बागडे ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और बदलते स्वास्थ्य परिदृश्य में आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार पद्धति नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

उन्होंने श्री नवग्रह आश्रम में संचालित आयुर्वेदिक अनुसंधान, औषधीय पौधों की जानकारी तथा सामाजिक एवं चिकित्सा गतिविधियों को करीब से देखने की इच्छा व्यक्त करते हुए जल्द आश्रम का दौरा करने की बात कही। राज्यपाल ने आश्रम द्वारा किए जा रहे कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर बदरी भड़ाना एवं कमलेश भी उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-