भीलवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भीलवाड़ा के वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी एवं राजस्थान नर्सिंग काउंसिल के पूर्व रजिस्ट्रार सुमंत कुमार व्यास को नर्सिंग सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए “लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड” से सम्मानित किया गया। इस सम्मान से भीलवाड़ा के नर्सिंग समुदाय में खुशी और गौरव का माहौल है।
15 मई 2026 को जयपुर स्थित महात्मा गांधी हॉस्पिटल के सभागार में ट्रेंड नर्सेज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TNAI) राजस्थान शाखा द्वारा नर्सेज दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेदम, कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष मेजर आलोक, महात्मा गांधी हॉस्पिटल के अध्यक्ष डॉ. बी.एल. स्वर्णकार तथा TNAI के अध्यक्ष डॉ. ए. कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान इकाई के अध्यक्ष डॉ. जोगेंद्र शर्मा ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए नर्सिंग सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया। इसी दौरान नर्सिंग क्षेत्र में दीर्घकालीन एवं विशिष्ट सेवाएं देने वाले कर्मियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किए गए, जिनमें सुमंत कुमार व्यास का नाम प्रमुख रहा।
सुमंत कुमार व्यास ने भीलवाड़ा में नर्सिंग अधीक्षक के रूप में सेवाएं देने के साथ-साथ राजस्थान नर्सिंग काउंसिल जयपुर में रजिस्ट्रार पद पर रहते हुए नर्सिंग शिक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सम्मानित होने पर राजस्थान नर्सेंज यूनियन भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट, जिला संयोजक अमित व्यास एवं पूरी टीम ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान भीलवाड़ा जिले के समस्त नर्सिंग कार्मिकों के लिए गर्व का विषय है।इस अवसर पर डॉ. जोगेंद्र शर्मा ने आधुनिक नर्सिंग सेवा की प्रेरणास्रोत फ्लोरेंस नाइटिंगेल के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव सेवा और रोगियों की देखभाल की भावना को अपनाकर नर्सिंग कर्मियों को समाज सेवा के कार्य में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में नर्सिंग सेवा को मानव कल्याण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी नर्सिंग कार्मिकों को समर्पण और सेवा भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
