हनुमान टेकरी आश्रम में 8 से 14 जून तक होगा सप्त दिवसीय विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ, प्रतिदिन होगी रासलीला
भीलवाड़ा। छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम के महंत बनवारीशरण काठियाबाबा ने बागेश्वर धाम पहुंचकर बागेश्वरधाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भेंट की और उन्हें भीलवाड़ा में आयोजित होने वाले सप्त दिवसीय विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
महंत बनवारीशरण काठियाबाबा ने पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 8 से 14 जून तक हनुमान टेकरी आश्रम में आयोजित होने वाले महायज्ञ की जानकारी देते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कार्यक्रम में पधारने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने बद्रीनाथ धाम में अज्ञातवास पूर्ण कर बागेश्वर धाम लौटने पर शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने महायज्ञ के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए भीलवाड़ा में प्रस्तावित धार्मिक कार्यक्रम के निमंत्रण को स्वीकार करने की सहमति प्रदान की। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में भी उनके सानिध्य में भीलवाड़ा में हनुमंत कथा का आयोजन हो चुका है।
महंत बनवारीशरण काठियाबाबा ने बताया कि महायज्ञ को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन स्थल पर 11 कुंडीय विशाल यज्ञ मंडप तैयार किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक 44 यजमान एक साथ वैदिक विधि-विधान से आहुतियां देंगे। महायज्ञ का संचालन शारदा सनातन परमार्थ न्यास के वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री के निर्देशन में होगा।
उन्होंने बताया कि महायज्ञ के साथ-साथ प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से वृंदावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भक्तिमय रासलीला का मंचन भी किया जाएगा। पुरुषोत्तम मास के दौरान आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में 111 कलशों को लक्ष्मी स्रोत से सिद्ध किया जाएगा तथा पूर्णाहुति के बाद यजमानों को लक्ष्मी कलश प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार विशेष औषधियों से यज्ञ में आहुतियां देकर धन-समृद्धि, ऋण मुक्ति, रोग निवारण तथा राष्ट्र कल्याण की कामना की जाएगी। महायज्ञ की पूर्णाहुति 14 जून को अभिजीत मुहूर्त में संपन्न होगी, जिसके पश्चात महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में छोटी हरणी के ग्रामवासियों का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।
