फाइनल में 1 गोल से चूकी जीत, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन
भीलवाड़ा।
खेल नगरी भीलवाड़ा की बेटियों ने राजस्थान राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। अजमेर में आयोजित 31वीं राजस्थान राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में भीलवाड़ा टीम ने रजत पदक हासिल किया। टीम स्वर्ण पदक से केवल एक गोल दूर रह गई।
जिला हैंडबॉल संघ के सचिव तेजप्रताप सिंह ने बताया कि भीलवाड़ा की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भरतपुर को 6-0 से हराकर टीम ने शानदार शुरुआत की। इसके बाद सेमीफाइनल में हनुमानगढ़ जैसी मजबूत टीम को 16-10 के बड़े अंतर से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला श्रीगंगानगर के साथ बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच आखिरी क्षण तक कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंतिम मिनटों में गंगानगर ने निर्णायक गोल कर बढ़त बनाई और भीलवाड़ा की टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हालांकि टीम के जुझारूपन और संघर्षशील खेल की दर्शकों ने जमकर सराहना की।
जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि भीलवाड़ा की बेटियों ने प्रदेश स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।
राजस्थान राज्य हैंडबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं जिला हैंडबॉल संघ के संरक्षक विश्वजीत सिंह के मार्गदर्शन और प्रयासों को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार मेहनत और प्रशिक्षण के कारण भीलवाड़ा राज्य स्तर पर हैंडबॉल का मजबूत केंद्र बन चुका है।
रजत पदक विजेता टीम
- सुमन सुथार (कप्तान)
- कृष्णा शर्मा
- नव्या तेली
- गुलाबी तेली
- गंगा जाट
- अन्नु कुमारी शर्मा
- अदिति बंजारा
- आद्या शर्मा
- राजलक्ष्मी बसीटा
- अनुष्का मेघवंशी
- ममता योगी
- रविना योगी
प्रशिक्षक: नोरती मेवाड़ा
