संडे ऑन साइकिल अभियान के तहत निकली भव्य साइकिल रैली

खबर को शेयर करे :-

पुलिस अधिकारियों ने किया रैली का नेतृत्व, दिखाई हरी झंडी, आमजन के साथ चलाई साइकिल

भीलवाड़ा, 7 जून। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत नोगिया के निर्देशानुसार भीलवाड़ा पुलिस विभाग, भीलवाड़ा साइकिल क्लब एवं प्राकृतिक कुल्हड़ ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को “संडे ऑन साइकिल” अभियान के अंतर्गत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि रैली को सिटी कंट्रोल रूम, स्टेशन चौराहा से सीओ सिटी सज्जन सिंह, सीओ सदर भवानी सिंह एवं वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष मदन खटोड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर पुनः सिटी कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज”, “साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ” तथा “साइकिल चलाओ, स्वास्थ्य बनाओ” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रैली में साइकिल क्लब के राकेश सक्सेना, अरुण संतोष मुछाल, मदन खटोड़, भूपेंद्र मोगरा, हस्तीमल भलावत, मनोज तुलसानी, गिरिराज प्रजापति, राजकुमार अजमेरा, प्रतीक ईनाणी, सत्यनारायण राठी, भेरूलाल सुवालका, रामचंद्र मूंदड़ा, डॉ. हेमेंद्र कौशिक, डॉ. देवेंद्रपुरी गोस्वामी, विजय कपूर, सुरेंद्र छीपा, धर्मेंद्र खटोड़, सोम शर्मा, अजीत जैन, अशोक राठी, लक्ष्मीलाल गांधी, लीलाराम आडवाणी, अजय सोनी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

पुलिस विभाग की ओर से थाना कोतवाली प्रभारी हनुमान सिंह, थाना भीमगंज प्रभारी सुनील कुमार, थाना पुर प्रभारी कन्हैयालाल सहित अनेक पुलिसकर्मियों ने भी स्वयं साइकिल चलाकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में बड़ी संख्या में नन्हे बालक-बालिकाओं की सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही।

रैली के शुभारंभ अवसर पर सीओ सिटी सज्जन सिंह, सीओ सदर भवानी सिंह एवं वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष मदन खटोड़ ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, बढ़ते प्रदूषण एवं बदलती जीवनशैली को देखते हुए साइकिल चलाना एक प्रभावी और उपयोगी विकल्प है। नियमित साइकिलिंग से स्वास्थ्य बेहतर रहता है, ईंधन की बचत होती है तथा पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।

वक्ताओं ने युवाओं एवं विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में साइकिल को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वच्छ पर्यावरण और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में साइकिल की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं।

साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन को नियमित साइकिल चलाने के लिए प्रेरित करना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों, पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया।

खबर को शेयर करे :-