भीलवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजौलिया थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) की संयुक्त कार्रवाई में एक लग्जरी टाटा सफारी कार से 355 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने 40 हजार रुपये के इनामी तस्कर कपिल विश्नोई को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 53.25 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सागर (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन एवं वृत्ताधिकारी मांडलगढ़ योगेश शर्मा के सुपरविजन में बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया और जिला स्पेशल टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 27 जून को डीएसटी से मिली सूचना के आधार पर बिजौलिया थाना पुलिस ने एक काले रंग की टाटा सफारी कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 19 कट्टों से कुल 355 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद किया गया।
मौके से कपिल पुत्र भारमलराम विश्नोई (28 वर्ष) निवासी कंवरजी का खेजड़ी, थाना ओसियां, जिला जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टाटा सफारी वाहन को भी जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नागौर जिले के गोटन थाना एवं चित्तौड़गढ़ जिले के बेंगू थाना का वांछित अपराधी है। उस पर गोटन थाना द्वारा 15 हजार रुपये तथा बेंगू थाना द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस प्रकार आरोपी पर कुल 40 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, डीएसटी के कांस्टेबल राकेश एवं उनकी टीम, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल मनोज, अनिल कुमार, दलवीर और रणजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
