भीलवाड़ा, 26 सितंबर। आबकारी आयुक्त राजस्थान, उदयपुर नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण, परिवहन एवं निष्कर्षण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भीलवाड़ा में आबकारी विभाग ने कार्रवाई की।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन अजमेर के निर्देशन तथा उपायुक्त आबकारी निरोधक दल अजमेर विजय जोशी और जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी थाना क्षेत्र भीलवाड़ा में अवैध हथकढ़ शराब के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 600 लीटर उत्तेजित वॉश तथा अवैध शराब की भट्टियों को नष्ट किया गया।
विभाग ने कार्रवाई के दौरान एक महत्वपूर्ण अभियोग चालू भट्टी का तथा एक साधारण अभियोग दर्ज किया। मौके से करीब 10 लीटर हथकढ़ शराब भी जब्त की गई।
कार्रवाई में आबकारी निरोधक दल भीलवाड़ा के वृत प्रहराधिकारी नाथूसिंह सिंह कानावत तथा जाप्ते के सिपाही महावीर सिंह, भवानी सिंह और महेंद्र सिंह शामिल रहे।
इसी प्रकार आबकारी वृत गंगापुर क्षेत्र में भी अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक साधारण अभियोग पंजीबद्ध किया गया। कार्रवाई के दौरान देशी एवं अंग्रेजी शराब के कुल 36 पव्वे जब्त किए गए।
आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
