वैदिक मंत्रों की गूंज से गुंजायमान हुआ सगतपुरिया का बैकुंठधाम

खबर को शेयर करे :-

पुरुषोत्तम अधिकमास पर श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ, 8 जून को होगा विश्व कल्याणार्थ भैरव यज्ञ

शाहपुरा (भीलवाड़ा) -राजेन्द्र खटीक। निकटवर्ती सगतपुरिया ग्राम स्थित बैकुंठधाम रविवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं का केंद्र बना रहा। पुरुषोत्तम अधिकमास के पावन अवसर पर यहां विधि-विधान के साथ श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत गांव के आराध्य चारभुजानाथ भगवान के बेवाण को गाजे-बाजे और जयकारों के साथ बैकुंठधाम लाने से हुई। श्रद्धालुओं ने मार्गभर भगवान के जयकारे लगाए। बैकुंठधाम पहुंचने पर उपासक महेंद्र जोशी के नेतृत्व में बेवाण की आरती-वंदना कर भव्य स्वागत किया गया।

इसके बाद बैकुंठधाम में विराजमान देव प्रतिमाओं का वैदिक रीति से अभिषेक किया गया तथा हवन-कुंड में मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित कर लोकमंगल एवं धर्म-संवर्धन की कामना की गई। आयोजन को लेकर पूरे परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था।

उपासक महेंद्र जोशी ने बताया कि श्रीरामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति 8 जून को होगी। इस अवसर पर विशेष भैरव यज्ञ एवं महाहवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना के साथ आहुतियां दी जाएंगी।

ज्योतिषाचार्य हरिशंकर शर्मा मंशा के मार्गदर्शन में पंडित कैलाश तिवाड़ी, पंडित जगदीश तिवाड़ी, पंडित सत्यनारायण जोशी, पंडित अभिषेक पाराशर, पंडित भगवान पुरोहित एवं पंडित हर्षित तिवाड़ी ने गणेश पूजन, षोडशोपचार पूजन, वास्तु पूजन, योगिनी पूजन, नवग्रह पूजन, रुद्र पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, सर्वतोभद्र मंडल, रामायण मंडल, रामदरबार, हनुमानजी एवं चारभुजा भगवान के पूजन-अभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

आयोजन में सगतपुरिया सहित कोटड़ी, आकोला, भीलवाड़ा और शाहपुरा क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं साधक शामिल हुए। पूरे दिन बैकुंठधाम में भक्ति, आस्था और वैदिक संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिला।

खबर को शेयर करे :-