भाजपा का विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन, 70 वार्डों में कमल खिलाने का संकल्प

खबर को शेयर करे :-

ढोल-नगाड़ों के बीच भाजपा कार्यालय में शक्ति प्रदर्शन, 1000 से अधिक दावेदारों के आवेदन; टिकट 70 को मिलेगा, बाकी कार्यकर्ताओं को पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहने का संदेश

भीलवाड़ा, 25 अगस्त। नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय, टंकी के बालाजी के पास विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर चुनावी तैयारियों का शंखनाद किया। सम्मेलन में सुभाष, शास्त्री, गणेश और प्रताप मंडल के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा ने नगर निगम के सभी 70 वार्डों में कमल खिलाकर बोर्ड बनाने का लक्ष्य रखा। सम्मेलन में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया।

सम्मेलन भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य वक्ता अजमेर संभाग चुनाव सह प्रभारी एवं पूर्व सांसद देवजी पटेल रहे, जबकि महाराष्ट्र के धूलिया विधायक कुणाल पाटिल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सांसद दामोदर अग्रवाल, चुनाव प्रभारी वीरमदेव सिंह जेसास, जिला संगठन प्रभारी संजय जैन, जिला सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, ओबीसी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमावत, विधायक प्रत्याशी विट्ठल शंकर अवस्थी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मंचासीन रहे।

देवजी पटेल ने मारवाड़ी में संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह से लगता है कि भाजपा नगर निगम के सभी 70 वार्डों में जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं का चुनाव है और कार्यकर्ता चुनाव लड़ेंगे तथा संगठन चुनाव लड़ाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा का महापौर बनाने और भीलवाड़ा की जनता की सेवा करने का आह्वान किया।

महाराष्ट्र के विधायक कुणाल पाटिल ने कहा कि वे भीलवाड़ा किसी को सिखाने नहीं, बल्कि आम कार्यकर्ताओं से सीखने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के लिए ट्रिपल इंजन सरकार के लक्ष्य को मजबूत करने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए जोशीले अंदाज में कहा कि मिशन-70 के तहत सभी वार्डों में कमल खिलाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में दिखाई दे रहे उत्साह और जोश को चुनाव तक बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट है और संगठन की ताकत के साथ सभी 70 वार्डों में भाजपा की जीत के लिए कार्य करना है।

चुनाव प्रभारी वीरमदेव सिंह जेसास ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और उमंग देखकर साफ है कि नगर निगम के 70 वार्डों में भाजपा का कमल खिलेगा। उन्होंने टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि जिन्हें टिकट नहीं मिले, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। सभी को पार्टी के प्रत्याशी की जीत के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।

1000 से अधिक आवेदन, टिकट केवल 70 को

सांसद दामोदर अग्रवाल ने टिकट के दावेदारों को संगठन के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें भी लंबे समय तक टिकट नहीं मिला, लेकिन वे पार्टी के प्रति लगातार समर्पित रहे। उन्होंने बताया कि नगर निगम के 70 वार्डों के लिए 1000 से अधिक आवेदन आए हैं। टिकट केवल 70 कार्यकर्ताओं को मिलेगा, जबकि बाकी 930 से अधिक कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रति समर्पित रहकर संगठन को मजबूत करना होगा।

विट्ठल शंकर अवस्थी ने भी कहा कि आवेदन 1000 से अधिक आए हैं, लेकिन टिकट 70 को ही मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जिताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे दावेदार, दिखाया दम

सम्मेलन से पहले भाजपा कार्यालय के बाहर चुनावी माहौल नजर आया। सुबह से ही नगर निगम के 70 वार्डों से टिकट की दावेदारी कर रहे नेता अपने समर्थकों के साथ पहुंचने लगे। कई दावेदारों के साथ ढोल-नगाड़ों की टोलियां थीं, वहीं समर्थक अपने नेताओं के पक्ष में नारे लगाते नजर आए।

समर्थकों की भीड़ बढ़ने के साथ भाजपा कार्यालय के आसपास का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया। कई दावेदारों ने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। टिकट की दावेदारी को लेकर नारेबाजी और ढोल-नगाड़ों की गूंज से कार्यालय परिसर में काफी उत्साह दिखाई दिया।

टिकट की जंग के बीच एकजुटता पर जोर

सम्मेलन में नेताओं ने टिकट के लिए दावेदारी को स्वाभाविक प्रक्रिया बताते हुए कार्यकर्ताओं से पार्टी के निर्णय को स्वीकार करने और संगठन के साथ खड़े रहने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि टिकट किसी एक कार्यकर्ता को मिलेगा, लेकिन चुनाव पूरी पार्टी को मिलकर लड़ना होगा।

सम्मेलन में पूर्व यूआईटी चेयरमैन लक्ष्मीनारायण डाड सहित अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर संगठन और पार्टी की जीत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

सम्मेलन में अनिल बल्दवा, लादूलाल तेली, सूरज पेंटर, लक्ष्मीनारायण डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार, भगवान सिंह अरजिया, जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी, अविनाश जीनगर, कन्हैयालाल जाट, सुभाष मंडल अध्यक्ष रितु शेखर शर्मा, शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल, गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी और प्रताप मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह राव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

भाजपा कार्यालय कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा रहा। अंदर जगह कम पड़ने पर कई कार्यकर्ता बाहर खड़े होकर नेताओं का उद्बोधन सुनते नजर आए। कुछ कार्यकर्ता अपने नेताओं को कंधे पर बैठाकर सम्मेलन का उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए। नगर निगम चुनाव से पहले आयोजित इस सम्मेलन को भाजपा की चुनावी तैयारियों और संगठन की सक्रियता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड