भीलवाड़ा की जनता ने दिया आशीर्वाद, विश्वास पर खरा उतरेगी भाजपा

खबर को शेयर करे :-

मोदी और भजनलाल सरकार के जनहितैषी कार्यों पर लगी मोहर – मेवाड़ा

भीलवाड़ा 21 सितंबर। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने न​गर निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर भीलवाड़ा की जनता और उनके द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के विकासोन्मुख निर्णय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास कार्यों पर मोहर लगाई है।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि जिले की दस में से सात नगर पालिकाओं में भाजपा की प्रचंड जीत पर जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आसींद, गुलाबपुरा, बनेड़ा, जहाजपुर, बिजौलिया, बीगोद और मांडलगढ़ में भाजपा प्रत्याशियों को स्थानीय जनता और चुने गए पार्षदों का व्यापक समर्थन और आशीर्वाद मिला है। शाहपुरा, गंगापुर और हमीरगढ़ में भले ही भाजपा अध्यक्ष नहीं बन पाए लेकिन इन क्षेत्रों के विकास में भी भाजपा सरकार कोई कमी नहीं आने देगी।

मेवाड़ा ने कहा कि भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित रहेंगे और जनता से किए गए वादों को पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों में भी पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएंगे और वहां भी भाजपा की विजय पताका फहराएंगे।

उप महापौर और पालिका उपाध्यक्ष चुनावों में भी रहेगा भाजपा का परचम

जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि आज नगर निगम में उप महापौर और दस नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष चुनाव में भी भाजपा की जीत का परचम नजर आएगा। जिस प्रकार महापौर और अध्यक्ष निर्वाचन में भाजपा को जन समर्थन मिला है उसकी प्रकार आज के चुनावों भी भाजपा का डंका बजने वाला है।

खबर को शेयर करे :-