‘एक शाम छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों ने रखी बेबाक राय, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 28 जून। जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) के तत्वावधान में शनिवार शाम रेलवे स्टेशन के सामने स्थित अंबेडकर सर्कल पर ‘एक शाम छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं एवं अभिभावकों ने भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा नीट (NEET) परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसका संचालन स्वयं विद्यार्थियों ने किया। इस दौरान छात्रों ने वर्तमान शिक्षा प्रणाली, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधारों पर खुलकर अपनी राय रखी। विद्यार्थियों ने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक पर प्रभावी रोक, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान नीट परीक्षा में कथित धांधली एवं पेपर लीक के विरोध में संदेश लिखे पोस्टरों को रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ आसमान में छोड़ा गया। इसे विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को कोटा में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम का वीडियो एलईडी स्क्रीन पर भी दिखाया गया, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए थे। इसके बाद विद्यार्थियों ने भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अपने सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) के अध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, सपनों और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है तथा कांग्रेस विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, जिला सह-प्रभारी कैलाश झालीवाल, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हगामी लाल मेवाड़ा, पूर्व नगर परिषद सभापति एवं भीलवाड़ा विधानसभा प्रत्याशी ओम नरानीवाल, शाहपुरा विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र रेगर, सहाड़ा विधानसभा प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, दुर्गेश शर्मा, चेतन डीडवानिया, भगवान मुक्कड़, प्रद्युम्न सिंह, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशीला सालवी, प्रदेश कांग्रेस सचिव शंकरलाल गाडरी सहित कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, युवा एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा दिए गए सुझावों को संबंधित मंचों तक पहुंचाने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।

खबर को शेयर करे :-