भीलवाड़ा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2200 लीटर वॉश नष्ट, चालू भट्टी और हथकढ़ शराब जब्त

खबर को शेयर करे :-

अहिंसा सर्कल के पास अवैध शराब निर्माण स्थल पर दबिश, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

भीलवाड़ा। आबकारी विभाग की टीम ने रेड गश्त के दौरान अहिंसा सर्कल के पास अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2200 लीटर वॉश मौके पर नष्ट कर दी तथा एक चालू भट्टी सहित शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए। कार्रवाई के दौरान 20 लीटर हथकढ़ शराब भी बरामद की गई।

पेट्रोलिंग ऑफिसर धोलाराम बिश्नोई के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध रूप से संचालित शराब निर्माण स्थल पर दबिश दी। मौके पर जांच के दौरान बड़ी मात्रा में वॉश, एक चालू भट्टी और शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे उपकरण बरामद हुए। टीम ने नियमानुसार सभी उपकरणों को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान करीब 2200 लीटर वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका उपयोग अवैध शराब निर्माण में नहीं किया जा सके। इसके अलावा टीम ने 20 लीटर हथकढ़ शराब भी बरामद की।

आबकारी विभाग की दबिश के दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। विभाग ने उसके विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

पेट्रोलिंग ऑफिसर धोलाराम बिश्नोई ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में कांस्टेबल महावीर सिंह, महिपाल सिंह, रतन सिंह तथा महिला कांस्टेबल अमीना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आबकारी विभाग ने आमजन से भी अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की सूचना विभाग को देने की अपील की है, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड