डीएनटी समाज के लिए पृथक आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग
भीलवाड़ा।
भीलवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर शुक्रवार को राष्ट्रीय पशुपालक संघ, डीएनटी संघर्ष समिति और मूल ओबीसी महापंचायत के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान संगठनों से जुड़े लोगों ने जेल भरो आंदोलन के तहत अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन से पूर्व बड़ी संख्या में समाजजन चित्रकूट धाम से जिला कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली के रूप में पहुंचे। रैली में शामिल लोगों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
राष्ट्रीय पशुपालक संघ एवं डीएनटी संघर्ष समिति के अध्यक्ष लालजी राईका ने कहा कि समाज लंबे समय से अपने अधिकारों और मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में वार्ता का आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
उन्होंने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में डीएनटी समाज के लिए 10 प्रतिशत पृथक आरक्षण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए आरक्षण तथा आवास और भूमि पट्टों की व्यवस्था शामिल है। उनका कहना है कि समाज की जनसंख्या और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए इन मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
लालजी राईका ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में चित्तौड़गढ़, हाड़ौती और जयपुर संभाग में भी बड़े स्तर पर आंदोलन आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 1 जुलाई 2026 को जयपुर में महापड़ाव आयोजित करने की घोषणा की गई, जिसमें विभिन्न वंचित वर्गों के लोगों की भागीदारी रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
