AC इलेक्ट्रिक बसों के शुभारंभ की तैयारी तेज, सांसद दामोदर अग्रवाल ने किया डिपो निरीक्षण

खबर को शेयर करे :-

PM e-Bus Sewa योजना के तहत मिलेगी 50 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों की सौगात

भीलवाड़ा।
भीलवाड़ा शहर के सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। पहली बार शहर में वातानुकूलित (AC) इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा (PM e-Bus Sewa) योजना के तहत शुरू होने वाली यह सेवा शहरवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी।

इलेक्ट्रिक बस सेवा के शुभारंभ से पूर्व शनिवार को सांसद दामोदर अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी, एक्सईएन श्रीमती पूजा गोयल सहित अधिकारियों और परियोजना प्रतिनिधियों ने बस डिपो का निरीक्षण किया। इस दौरान बसों की तकनीकी सुविधाओं, संचालन व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली गई।

CSL Mobility EV Bus Project के वाइस प्रेसिडेंट धीरज पाराशर ने बताया कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भीलवाड़ा को 50 आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं। यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि यह राजस्थान की पहली पूर्णतः वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस सेवा होगी, जिसका संचालन भीलवाड़ा शहर और आसपास के लगभग 35 किलोमीटर क्षेत्र में किया जाएगा। इन बसों के संचालन से यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा, वहीं डीजल वाहनों पर निर्भरता कम होने से वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी।

सांसद दामोदर अग्रवाल और नगर निगम प्रशासन के सहयोग से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह पहल भीलवाड़ा को ग्रीन और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

शहरवासियों को उम्मीद है कि इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने के बाद यातायात सुविधाओं में सुधार होगा और दैनिक आवागमन अधिक सुविधाजनक बनेगा।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड