भीलवाड़ा।
तेज गर्मी के बीच पक्षियों को राहत देने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला संगठन की स्थानीय शाखा ने सराहनीय पहल की। संगठन द्वारा परिंडों (पानी के बर्तन) का वितरण कर लोगों से पक्षियों के लिए नियमित रूप से पानी की व्यवस्था करने की अपील की गई।
शाखा अध्यक्ष मधु लढा और सचिव अनुपमा मंत्री के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 18 परिंडों का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में जल स्रोत सूखने से पक्षियों को पानी के लिए भटकना पड़ता है, ऐसे में यह छोटा प्रयास उनके लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को अपने घरों, छतों और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाने और उनमें नियमित रूप से पानी भरने के लिए प्रेरित किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस पहल के साथ पौधारोपण को भी बढ़ावा दिया गया। संगठन की ओर से तुलसी, नीम, आंवला, मोगरा और अश्वगंधा जैसे पौधों का वितरण किया गया, ताकि हरियाली बढ़े और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिले।
कार्यक्रम में रेणु कोगटा, वसुधा शाखा अध्यक्ष प्रेमलता जागेटिया, मंजू बांगड, स्नेहलता पटवारी, मंजू दरक, सरोज समदानी, रेखा नुवाल, उषा सोमानी, जतन हिंगड़, सीमा बिडला, सुमित्रा झंवर, मधु हिंगड़, आशा माहेश्वरी, शिखा सोमानी, अशोक सोमानी आदि सदस्याएं मौजूद रहीं, जिन्होंने इस अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे इस तरह के प्रयासों में भागीदारी निभाकर प्रकृति और जीवों के संरक्षण में सहयोग करें।
