मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने उच्च जलाशय एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य की रखी आधारशिला
मांडलगढ़ – राजेन्द्र खटीक । क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने नन्दराय ग्राम पंचायत में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा DMFT योजना के अंतर्गत ₹1.18 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले उच्च जलाशय (पानी की टंकी) एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नन्दराय मंडल अध्यक्ष प्रकाश सांगावत ने की। शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद नन्दराय क्षेत्र के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी तथा जलापूर्ति व्यवस्था अधिक मजबूत और सुचारू बनेगी।
विधायक खंडेलवाल ने कहा कि मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ रही है और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह जल योजना ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में पूर्व उप जिला प्रमुख शंकर गुर्जर, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश पाराशर, पूर्व उप प्रधान कोटड़ी कैलाश सुथार, नन्दराय ग्राम पंचायत प्रशासक शंकर ढीलीवाल, मंडल महामंत्री दुष्यन्त राजस्थला एवं भुवनेश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इसके अलावा बूथ अध्यक्ष धीरज सैन, सोहन प्रजापत, धन्नालाल रैगर, जगरूप गुर्जर, नारायण गुर्जर, राजू शर्मा, रामलाल बलाई, भगवानलाल जाट, भेरूलाल शर्मा, श्यामलाल शर्मा, दिनेश प्रजापत, श्यामलाल ढीलीवाल एवं ओमप्रकाश वर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक गोपाल खंडेलवाल ने क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की बधाई देते हुए कहा कि योजना पूरी होने के बाद नन्दराय की पेयजल व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। वहीं ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर खुशी जताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।
