विकसित भारत अभियान, जनसंपर्क और सामाजिक कार्यक्रमों में लिया भाग, कम तेल वाले व्यंजनों का भी चखा स्वाद
भीलवाड़ा, 16 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में सैकड़ों प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया।
राठौड़ ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मंत्र के साथ कार्य करते हुए देश को विकास के नए आयाम दिए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावों में भाजपा को मिला जनसमर्थन जनता के विश्वास का प्रतीक है। आज देश के युवा, किसान, महिलाएं और आम नागरिक सरकार की नीतियों पर भरोसा जता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को ऐसे नेताओं के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता जिन पर भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोप लगे हों। उन्होंने उपस्थित बुद्धिजीवियों से जनजागरण अभियान चलाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को अपना परिवार मानकर कार्य कर रहे हैं और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखते हुए निर्णय ले रहे हैं।
विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सांस्कृतिक पुनर्जागरण, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना विकास, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, रोजगार, कौशल विकास और आर्थिक प्रगति के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान बना चुका है और आत्मनिर्भर भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है।
मंच पर रहे कई जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष श्याम अग्रवाल, सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक गोपीचंद मीणा, उदयलाल भड़ाना, डॉ. लालाराम बैरवा, जब्बर सिंह सांखला, गोपाल खंडेलवाल, अशोक कोठारी, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, बीएल चौधरी, रामलाल गुर्जर, पूर्व महापौर राकेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने सभी अतिथियों और प्रबुद्धजनों का स्वागत करते हुए कहा कि भीलवाड़ा संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर प्रदेश में अग्रणी रहा है और आने वाले स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन करेगा।
कम तेल की थाली कार्यक्रम में लिया हिस्सा
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भाजपा कार्यालय के समीप एक निजी होटल में महिला मोर्चा द्वारा आयोजित “कम तेल की थाली, समृद्ध भारत की खुशहाली” कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार कम तेल वाले व्यंजनों की विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा कई व्यंजनों का स्वाद भी चखा।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा परिहार, जिलाध्यक्ष मंजू पालीवाल, ज्योति आशीर्वाद, मीनाक्षी नाथ, मंजू चेचाणी, रागिनी गुप्ता, अभिश्रुता सोलंकी एवं आरती कोगटा सहित कई कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
मंदिर दर्शन, गौसेवा और वृक्षारोपण
भीलवाड़ा प्रवास के दौरान मदन राठौड़ ने टंकी के बालाजी मंदिर एवं दूधाधारी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश एवं देश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने गौशाला में गायों को लपसी एवं हरा चारा खिलाकर गौसेवा की तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया।

इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व महापौर राकेश पाठक, शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल, शंकर जाट, हरीश सालवी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वरिष्ठजनों से मुलाकात, सफाईकर्मियों का सम्मान

वरिष्ठ जनसंपर्क अभियान के तहत प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रताप मंडल क्षेत्र में रमेशचंद्र गर्ग, सुरेश सामरिया, चंद्रप्रकाश सुखवाल एवं सत्यदेव पटवा के निवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा की।
इस दौरान प्रताप मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें तलवार भेंट कर एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया।
इसके बाद गणेश मंडल क्षेत्र के बसंत विहार में पवन राठी के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष ने 15 सफाईकर्मियों का शॉल, श्रीफल एवं परिण्डे भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, तेजेंद्र सिंह शक्तावत, राधेश्याम गाडरी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ संवाद और सेवा भाव ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता निरंतर सक्रिय रहें।
